कालागढ़/कोटद्वार। कालागढ़ के आबादी क्षेत्र में लगातार वन्यजीवों के आने से दहशत बनी हुई है, वहीं स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। जंगल सीमा पर सुरक्षा दीवार नहीं बनने से आक्रोशित शिव सेना सदस्यों ने बृहस्पतिवार को सांकेतिक प्रदर्शन करते हुए प्रशासन को आंदोलन की चेतावनी दी है।
पुराना कालागढ़ व राज्य की सीमा से सटे गांवों में वन्यजीवों के विचरण से ग्रामीण दहशत में हैं। आए दिन झंडा चौक पर हाथी और सूखासोत में हाथी, बाघ, गुलदार घूमते रहते हैं। इस्लामनगर बाजार, पुराना कालागढ़ की सिंचाई काॅलोनी, हेड़िया बस्ती और नई बस्ती में दिन ढलते ही लोग घरों में दुबक जाते हैं। गुरुवार को पुराना कालागढ़ में झंडा चौक पर शिव सेना यूबीटी के जिलाध्यक्ष संजय राणा के नेतृत्व में एकत्र हुए संगठन सदस्यों ने नारेबाजी करते हुए सांकेतिक प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों संजय राणा, परशुराम, डाॅ. सीपी सिंह, सरदार कुलदीप सिंह, महेंद्र सिंह सिरोही, दीपक कुमार आदि शिव सैनिकों व नागरिकों ने वन्यजीवों से सुरक्षा के लिए स्थायी समाधान के मद्देनजर सीमा पर सुरक्षा दीवार बनाने की मांग उठाई। साथ ही चेताया कि समाधान नहीं होने या फिर वन्यजीवों के हमले की अप्रिय घटना होने पर आंदोलनात्मक कदम उठाया जाएगा।
.
फोटो समाचार
जारी
अथहर महमूद सिद्दीकी