कण्वघाटी (कोटद्वार)। भाबर क्षेत्र के मानपुर कलालघाटी में करीब एक माह पूर्व सेवानिवृत्त होकर आए पूर्व सैनिक की हत्या के मामले में कोतवाली पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ चल रही है। पूर्व सैनिक की मां की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के आधार पर हरकत में आई कोतवाली पुलिस ने बुधवार से मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि गत शनिवार तड़के मानपुर कलालघाटी निवासी पूर्व सैनिक राम सिंह (42) पुत्र ठाकुर सिंह की संदिग्ध हालात में मौत का मामला प्रकाश में आया था। परिजनों की ओर से पूर्व सैनिक के सीढ़ी से गिरकर मौत होने की बात कही जा रही थी, जो पुलिस और उनके परिजनों के गले नहीं उतरी। इस मामले में सोमवार को मृतक की मां पारेश्वरी देवी पत्नी ठाकुर सिंह की ओर से उसकी पत्नी भूमा देवी और उसके प्रेमी संतोष चौधरी को हिरासत में लिया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। संतोष चौधरी भाबर में प्लंबरिंग का काम करता है और मानपुर कलालघाटी में किराए पर रहता है। कोतवाल ने बताया कि मामले की जांच एसएसआई प्रदीप नेगी कर रहे हैं।