गिंवाई स्रोत व कौड़िया के द्वारों का होना है नवीनीकरण
नगर आयुक्त पीएल शाह ने किया स्थलीय निरीक्षण
कोटद्वार। नगर निगम क्षेत्र में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्गों पर स्वागत द्वारों को आकर्षक बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। वहीं, गिंवाई स्रोत और कौड़िया में पहले से बने स्वागत द्वारों का नवीनीकरण किया जाएगा। इसके लिए नगर आयुक्त पीएल शाह ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ तीनों स्थानों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में अलग-अलग मार्गों से प्रवेश करने वाले लोगों के स्वागत के लिए प्रमुख स्थानों पर प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे कौड़िया बैरियर से मैदानी क्षेत्रों के लोग नगर में प्रवेश करते हैं जबकि लालढांग-चिल्लरखाल मार्ग से हरिद्वार और देहरादून की ओर से आने वाले लोग चिलरखाल होते हुए कोटद्वार पहुंचते हैं। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले लोग सिद्धबली बैरियर से नगर में प्रवेश करते हैं।
नगर निगम की ओर से गिंवाई स्रोत और कौड़िया में पहले ही स्वागत द्वारों का निर्माण कराया जा चुका है। चिलरखाल में विधायक निधि से प्रवेश द्वार बना हुआ है, लेकिन यहां अभी तक नगर निगम की ओर से स्वागत द्वार का निर्माण नहीं किया गया है। अब निगम की ओर से यहां नया प्रवेश द्वार बनाने के साथ ही पुराने द्वारों को भी नया स्वरूप देने की योजना बनाई जा रही है।
नगर आयुक्त पीएल शाह ने बताया कि चिलरखाल में स्वागत द्वार के निर्माण और गिंवाई स्रोत व कौड़िया स्थित स्वागत द्वारों के नवीनीकरण के लिए स्थलीय निरीक्षण किया गया है। अधीनस्थ अधिकारियों को इसकी डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।