जनपद के बालीकंडास्यू पट्टी के भरगडी, भैरों व बजवाड़ गांव में वायरल फैला हुआ है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाबौ की टीम ने शिविर लगाकर लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया। शिविर में 51 मरीजों का उपचार कर उन्हें निशुल्क दवाइयां बांटी गईं।
इसमें सामान्य बुखार, सर्दी, जुकाम और हाथ-पांव में दर्द की शिकायत के मरीज थे। स्थानीय लोगों की ओर से बताया गया कि एक महिला का टायफाइड का उपचार पौड़ी से हो रहा है, जिसमें से एक व्यक्ति को जांच के लिए पाबौ चिकित्सालय बुलाया गया है।
शिविर में सभी मरीजों को आवश्यकतानुसार दवा वितरित की गई। साफ-सफाई की जानकारी के बारे में बताया गया। ग्रामीणों ने बताया कि वायरल फैलने पर उन्होंने वैद्य से भी उपचार कराया।
टीम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाबौ के डा. संजय उनियाल, जेपी वर्मा, विजय आनंद व बजवाड के चिकित्सा कर्मचारी थे। डाक्टरों ने बुखार पीड़ित बच्चों के माता-पिता व अभिभावकों को स्वास्थ्य संबंधी व बीमारियों से बचाव संबंधी सुझाव दिए।