कोटद्वार। वायरल फीवर समेत मौसम संबंधी स्वास्थ्य अवरोध की समस्या बढ़ने पर बेस अस्पताल में भी मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। इन दिनाें नजला-जुकाम, खांसी और वायरल के मरीज उपचार के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं।
बृहस्पतिवार सुबह अस्पताल में मरीजों की काफी भीड़ रही। सुबह से दोपहर तक ओपीडी पंजीकरण 600 पहुंच गया। इनमें बड़ी संख्या में मरीज वायरल फीवर, सिर दर्द, बदन दर्द, गला दर्द, नजला, खांसी की समस्या लेकर पहुंचे। जनरल फिजिशियन की ओपीडी के बाहर मरीजों की कतार लगी थी। चिकित्सक ने मौसम में बदलाव के साथ अपने खानपान, रहन-सहन के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी और मलेरिया, डेंगू आदि से बचाव के लिए अपने आसपास स्वच्छता रखने, पानी एकत्र न होने देने, पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने और स्वास्थ्य अवरोध होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह दी।
वहीं, बदलते मौसम से बच्चे भी काफी हद तक प्रभावित हो रहे हैं। बेस अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. हरेंद्र कुमार, डॉ. कुसुमा रावत की ओपीडी के बाहर बीमार बच्चों को लेकर आए अभिभावकों की भीड़ रही। उबला हुआ पानी पीने, ठंडे खाद्य एवं पेय पदार्थों के सेवन से बचने, कुछ भी खाने से पहले हाथ धोने की सलाह दी।