बेस अस्पताल कोटद्वार की ओपीडी में उचार कराने के लिए लगी मरीजों की भीड़।
- फोटो : KOTDWAR
गत पांच दिनों से नगर निगम कोटद्वार क्षेत्र में कोहरे के कारण पड़ रही सर्दी लोगों के स्वास्थ्य पर भारी पड़ रही है। इन दिनों बड़ी संख्या में लोग बुखार (वायरल फीवर) की चपेट में हैं। इसके अलावा कोहरे से अस्थमा और कड़ाके की ठंड से हृदय रोगियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बेस अस्पताल की ओपीडी में सबसे ज्यादा वायरल फीवर के मरीजों की संख्या है।
14 जनवरी से कोटद्वार में लगातार कोहरे का प्रकोप जारी है। नगर निगम क्षेत्र में बच्चे से लेकर वृद्ध तक लोग बुखार, अस्थमा और हृदय के रोग से परेशान हैं। बेस अस्पताल से मिले आंकड़ों के अनुसार अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 70-80 लोग वायर बुखार की शिकायत को लेकर फिजीशियन के पास पहुंच रहे हैं। कोहरे के कारण अस्थमा बढ़ने पर ओपीडी मेें 25-30 मरीज और हृदय रोग के 10-15 मरीज प्रतिदिन पहुंच रहे हैं।
बेस अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. जेसी ध्यानी ने बताया कि इन दिनों अस्पताल की ओपीडी में पहुंचने वाले अधिकतर लोग वायरल फीवर, अस्थमा और हृदय रोग से संबंधित आ रहे हैं। कोहरे के करण ठंड बढ़ने से ऐसा हो रहा है। इसके लिए लोगों को ठंड से बचाव करने, अनावश्यक घर से बाहर ठंड में नहीं निकलने, घर के अंदर ही हल्का व्यायाम करने और लगातार हल्के गरम पानी का सेवन करने की सलाह दी जा रही है।
बेस अस्पताल में सभी रोगों के उपचार और दवाइयों की पर्याप्त व्यवस्था बनाई गई है। चिकित्सकों को पहले अपना बचाव करते हुए लोगों का उपचार करने के निर्देश दिए गए हैं।
- डॉ. केए तिवारी, बेस अस्पताल कोटद्वार