विकास खंड द्वारीखाल का मटियाली-डाडामंडी-द्वारीखाल मोटर मार्ग खस्ताहाल हो गया है। लंगूरी के पास हुए भू धंसाव से सड़क की रेलिंग टूट कर लटकी हुई है। खस्ताहाल सड़क और हवा में लटकी रेलिंग हादसे को न्यौता दे रही है, लेकिन विभाग खतरे से अनजान बना हुआ है।
विधानसभा यमकेश्वर के द्वारीखाल क्षेत्र के डाडामंडी, राजबाट, लंगूरी व दियूसा आदि गांवों को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग की हालत बेहद खस्ता है। इन दिनों हो रही बरसात ने इस सड़क की सूरत बिगाड़ कर रख दी है।
भू धंसाव से कई जगहों पर डेंजर जोन बन गए हैं। लंगूरी के पास भू धंसाव से सड़क किनारे सुरक्षा के लिए लगी रेलिंग हवा में लटक गई। पहाड़ी से मलबा भी गिर रहा है। सड़क की चौड़ाई मुश्किल से आठ फीट रह गई है।
यहां से गुजरना खतरे से खाली नहीं है। बल्ली के समीप भी मार्ग का करीब 20 मीटर हिस्सा धंसा हुआ है, जिससे वाहनों की आवाजाही बमुश्किल हो पा रही है। राहगीरों की जान पर हर वक्त खतरा मंडरा रहा है, लेकिन विभाग सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है। लोगों को खतरे के प्रति सचेत करने के लिए किसी तरह के सूचना पट भी नहीं लगे हैं।
उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश चंद्रा ने बताया कि उन्हें मटियाली-डाडामंडी मार्ग पर सड़क की रेलिंग लटकने की जानकारी नहीं है। इसे दिखवाया जाएगा। सड़क की मरम्मत के लिए प्राक्कलन तैयार कर वित्तीय मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।