कांडाखाल क्षेत्र के ग्रामीणों ने पिछले दस दिनों में एक गुलदार द्वारा 17 गायों और सात बकरियों को मारने के बावजूद अब तक वन विभाग की ओर से गुलदार को नहीं पकड़े जाने पर नाराजगी व्यक्त की है। चेतावनी दी कि यदि विभाग की ओर से शीघ्र ही कोई कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीणों की ओर से चक्का जाम कर वरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
बुधवार को कांडाखाल न्याय पंचायत की हुई बैठक में ग्रामीणों ने मांग की कि वन विभाग तुरंत गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाए या कोई शूटर भेज कर गुलदार को मारे जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। कहा कि पशुओं के मारे जाने से उनके सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है जिससे उनके सामने पलायन के अलावा कोई चारा नहीं बचा है।
चेतावनी देते हुए कहा कि यादि विभाग की ओर से शीघ्र ही कोई कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीणों की ओर से चक्का जाम कर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। जिसके लिए विभाग सीधे जिम्मेदार होगा।
इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य सुनीता देवी, उडियारी के प्रधान मुनेश्वर दत्त भट्ट, बड़ेथ के प्रधान बलवीर सिंह, कांडा की प्रधान साधना देवी, बनाली के प्रधान विशंभरी देवी, सुंडल के प्रधान विरेंद्र प्रसाद, जवाड़ के प्रधान जयकृत तोमर, विरमोली के प्रधान धर्मपाल सिंह, पूर्व प्रधान विनोद कंडवाल के अलावा कई ग्रामीण मौजूद थे।