उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने अल्मोड़ा के तोक नानीसार गांव में सैंकड़ों नाली भूमि अवैध तरीके से जिंदल ग्रुप की हिमांशु एजुकेशनल सोसाइटी को दिए जाने का पुरजोर विरोध किया है। कहा कि उक्त भूमि ग्रामीणों को वापस नहीं की गई तो पार्टी 27 दिसंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर में इसका विरोध करेगी।
बुधवार को पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने कहा कि अभी तक भूमि का पट्टा जारी नहीं हुआ, लेकिन मुख्यमंत्री की ओर से बिल्डिंग का शिलान्यास कर दिया गया है जिससे सरकार की मंशा पर सवाल उठ रहे हैं।
शिलान्यास का विरोध किए जाने पर पार्टी के कार्यकर्ताओं पर सरकार ने मुकदमे दर्ज करवा दिए हैं। दूसरी ओर मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि यदि ग्रामीण नहीं चाहेंगे तो वह जिंदल ग्रुप को दी गई जमीन वापस ले लेंगे। यदि मुख्यमंत्री अपने बयान पर कायम रहते हैं तो उन्हें ग्रामीणों के विरोध पर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।
चेतावनी दी कि यदि समय रहते सरकार ने ग्रामीणों की भूमि को वापस नहीं किया तो वे 27 दिसंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही कांग्रेस भवन पर भी प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मुजीब नैथानी भी मौजूद थे।