द्वारीखाल ब्लाक की दो ग्राम पंचायतों जल्ली और कड़थी के लोगों ने दस साल स्वीकृत आठ किमी सिलोगी-घनशाली मोटर मार्ग के निर्माण में हो रही देरी पर आक्रोश जताया। ग्रामीणों ने लोनिवि लैंसडौन को ज्ञापन देकर 15 फरवरी तक सड़क का निर्माण शुरू नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी।
सिलोगी में हुई बैठक में कड़थी की प्रधान सरला देवी, पूर्व प्रधान राजेंद्र सिल्सवाल, जल्ली के प्रधान सुरमान सिंह, ग्रामीण रमेश भंडारी, रुपचंद जखमोला, गिरीश भट्ट ने कहा कि एक दशक पूर्व शासन ने आठ किमी सिलोगी-घनशाली मार्ग के निर्माण की स्वीकृति दी थी और 296 लाख का बजट आवंटित किया। तीन किमी सड़क का निर्माण कड़थी-जल्ली होते हुए घनशाली गांव तक होना था। लोनिवि लैंसडौन ने निर्माण कार्य शुरू किया, लेकिन 1.53 हेक्टेयर वन भूमि का हस्तांतरण न होने के कारण मार्ग का निर्माण कार्य अधर में लटक गया। इस बीच वन भूमि हस्तांतरण की सैद्धांतिक स्वीकृति मिलने पर निविदाएं आमंत्रित की गई, लेकिन निर्माण कार्य फिर भी शुरू नहीं हो पाया है।