क्षेत्र में कोरोना वैक्सीन का स्टॉक समाप्त होने के कारण गत तीन दिनों से 45 से अधिक आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण का कार्य ठप है, जिससे लोग कोरोना वैक्सीनेशन सेंटरों से मायूस लौट रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से राजकीय बेस अस्पताल कोटद्वार, जीआईसी कुंभीचौड़, जीआईसी घमंडपुर, जीजीआईसी कलालघाटी और जीआईसी सुखरो में 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए वैक्सीनेशन सेंटर बनाए गए हैं। लेकिन, गत तीन दिनों से कोरोना वैक्सीन समाप्त होने के कारण लोग घंटों इंतजार कर टीकाकरण केंद्रों से लौट रहे हैं।
टीका लगाने के लिए पहुंचे राजेंद्र सिंह नेगी, आलोक बिष्ट, कांति सुयाल, पारेश्वर प्रसाद ने स्वास्थ्य विभाग पर लोगों को परेशान करने का आरोप लगाया। कहा कि गत तीन दिन से वे कोरोना टीकाकरण केंद्र का चक्कर काट रहे हैं, लेकिन केंद्रों में टीकाकरण से संबंधित जानकारी नहीं मिल रही है। उधर, दुगड्डा ब्लाक के कोरोना चिकित्साधिकारी डॉ. शैलेंद्र बड़थ्वाल ने बताया कि पिछले तीन दिनों से 45 से अधिक आयु वर्ग के लिए वैक्सीन समाप्त हो रखी है। वैक्सीन का अलग स्टॉक आने के बाद ही टीकाकरण का कार्य शुरू किया जाएगा।