कोटद्वार/कोटद्वार। दैनिक, संविदा, आउटसोर्स कर्मचारी संघ वन विभाग उत्तराखंड के कर्मचारियों व पदाधिकारियों की ऑनलाइन बैठक में केटीआर समेत अन्य कई प्रभागों में उपनल कार्मिक को गत छह माह से वेतन न मिलने पर आक्रोश जताया गया। पदाधिकारियों ने पांच दिन के भीतर वेतन का भुगतान न होने पर पुन: कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है।
बैठक में संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्र प्रकाश ने कहा कि कालागढ़ टाइगर रिजर्व (केटीआर) प्रभाग लैंसडौन में कार्यरत उपनल कर्मियों को छह माह से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है। कहा कि उपनल कर्मी इस संबंध में डीएफओ को कई बार लिखित और मौखिक रूप से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। संघ की ओर से वन भवन मुख्यालय देहरादून में गत 9 नवंबर, 2023 को कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया गया था। तब आश्वास मिला था कि अक्तूबर 2023 तक का वेतन दीपावली तक भुगतान कर दिया जाएगा। यह भी कहा था कि प्रभाग में उपनल कर्मियों के लिए पद आवंटन कर दिए गए हैं, लेकिन दोनों वायदे पूरे नहीं हुए। अब अगले पांच दिन के भीतर वेतन नहीं मिलने पर पुन: कार्य बहिष्कार शुरू करने की चेतावनी दी गई है। बैठक में प्रदेश संरक्षक देवेंद्र सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष प्रदीप जुयाल, प्रदेश महामंत्री मनीष नौटियाल और प्रदीप भदूला आदि मौजूद रहे।