राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोटद्वार और नजीबाबाद के मध्य एक डंपर से बचने के प्रयास में एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई, जिससे उसमें सवार पति-पत्नी समेत एक ही परिवार के छह सदस्य घायल हो गए। घायलों को यहां बेस अस्पताल में उपचार कराया गया।
एसएसआई प्रदीप नेगी ने बताया कि मंगलवार सुबह सात बजे कोटद्वार और नजीबाबाद के मध्य जाफराबाद के पास सामने से आ रहे एक डंपर से बचने के प्रयास में दिल्ली से कोटद्वार आ रही एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। दुर्घटना में कार में सवार शराफत अली (48) , उसका पुत्र अरमान (12), पत्नी जलाला (36), पुत्री सना (18), भतीजा अदान (12) पुत्र लियाकत अली, भतीजी जीनत (18) पुत्री लियाकत अली शामिल हैं। सभी घायलों को यहां बेस अस्पताल में लाया गया। जहां शराफत अली की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने भर्ती कर लिया। अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। परिजनों ने बताया कि शराफत की पत्नी बीमार है और उसका उपचार दिल्ली के एक अस्पताल से चल रहा है। वह अपनी पत्नी की दवाइयां लेकर वापस कोटद्वार लौट रहे थे।