कोटद्वार। बेस अस्पताल के रेडियोलॉजी अनुभाग को संचालित करने की वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने का खामियाजा दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। अस्पताल में एक सप्ताह से अल्ट्रासाउंड बंद हैं। शनिवार को भी रेडियोलॉजी अनुभाग में सन्नाटा पसरा रहा। वहीं, चिकित्सक के प्रशिक्षण से लौटने पर सोमवार से अल्ट्रासाउंड शुरू कर दिए जाएंगे।
बेस अस्पताल में तैनात रेडियोलॉजिस्ट डॉ. निशांत गर्ग प्रशिक्षण लेने के लिए लखनऊ गए हुए हैं। उनकी अनुपस्थिति में रेडियोलॉजी अनुभाग में पूरी तरह सन्नाटा पसरा है। शनिवार को अस्पताल पहुंचे मरीजों अल्ट्रासाउंड नहीं हो पाने का पता चला तो उन्हें काफी निराशा और परेशानी हुई। जयहरीखाल क्षेत्र से आए मरीज नेम बहादुर ने बताया कि वह दिहाड़ी श्रमिक है। पेट में परेशानी होने पर चिकित्सक ने अल्ट्रासाउंड के लिए कहा है। काफी दूर से अस्पताल आने पर पता चला कि अल्ट्रासाउंड नहीं हो रहा है। वहीं, कलालघाटी क्षेत्र की महिला आशु रानी का कहना था कि वे भी काफी दूर से अस्पताल आती हैं। दो बार अस्पताल आने पर भी अल्ट्रासाउंड नहीं हुआ है।
वहीं, ट्रेनिंग करने लखनऊ गए रेडियोलॉजिस्ट डॉ. निशांत गर्ग ने बताया कि शनिवार को ट्रेनिंग का समापन हो गया है। वे रविवार तक कोटद्वार पहुंच जाएंगे। सोमवार से अल्ट्रासाउंड शुरू किए जाएंगे।