कोटद्वार। कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में महर्षि विद्या मंदिर पब्लिक स्कूल की ओर से आयोजित कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वहीं, घमंडपुर में वीर सैनिकों के सम्मान में आयोजित समारोह में कारगिल युद्ध के बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर पूर्व सैनिकों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।महर्षि विद्या मंदिर पब्लिक स्कूल में प्रधानाचार्य रविंद्र सिंह गुसाईं ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। विद्यालय के चारों सदनों ने बलिदानियों को श्रद्धांजलि देकर नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। नारायण हाउस ने प्रथम, वशिष्ठ हाउस ने द्वितीय, पाराशर हाउस ने तृतीय एवं व्यास हाउस ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। कक्षा दो की छात्रा सानवी ने कविता सुनाई। छात्र नितिन ने कारगिल विजय दिवस पर विचार रखे।
उधर, कांग्रेस पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि यह सभी पराक्रमी योद्धाओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने का दिन है। कार्यक्रम में महानगर कांग्रेस कमेटी कोटद्वार के कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीन रावत, यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विजय रावत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख और निवर्तमान पार्षद गीता नेगी, हिम्मत सिंह नेगी, दीपा, लता और जानकी बुड़ाकोटी आदि उपस्थित रहे।