बैजरो/कोटद्वार। बीरोंखाल ब्लाॅक के एक गांव की किशोरी से दुष्कर्म के मामले में शनिवार सुबह थलीसैंण थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी को उसके गांव से गिरफ्तार कर पौड़ी न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में पौड़ी जेल भेज दिया गया है। यह मामला शुक्रवार को तब प्रकाश में आया था, जब पीड़िता की तबीयत बिगड़ने पर उसकी मां उसे उपचार के लिए हंस हस्पताल सतपुली लाई थी।सतपुली थाने के अपर उपनिरीक्षक सोहन लाल ने बताया कि अपराध से जुड़ा क्षेत्राधिकार थलीसैंण थाने में पड़ता है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पीड़िता व उसकी मां को सतपुली से थलीसैंण भेजकर मुकदमा दर्ज कराया गया है। थलीसैंण के थानाध्यक्ष सुनील पंवार ने बताया कि मुकदमा पंजीकृत करते ही आरोपी युवक को उसके गांव से पकड़ लिया गया है। दोनों का सामुदायिक अस्पताल थलीसैंण में मेडिकल कराया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में पौड़ी जेल भेज दिया गया है। शुक्रवार दिन में किशोरी की हंस अस्पताल सतपुली में जांच हुई थी, जहां उसके करीब दो माह के गर्भवती होने की बात सामने आई थी।