नैनीडांडा ब्लाक के केलधार मल्ला गांव में 28 अक्तूबर को गुलदार ने एक किसान को मार डाला था। गुलदार की सक्रियता पर नजर बनाए रखने के लिए वन विभाग की टीम ने घटना के चौथे दिन गांव के रास्ते पर ट्रैप कैमरा लगाया। तीन दिन से गुलदार कहीं दिखाई न देने पर शनिवार को वन विभाग ने पिंजरे की जगह भी बदल दी।
प्रधान सतेंद्र सिंह रावत ने बताया कि शनिवार को गढ़वाल वन प्रभाग के दीवा रेंज के रेंज अधिकारी एसएन भट्ट गांव पहुंचे। उन्होंने गुलदार की सक्रियता पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरा लगाया। वन दारोगा शिव सिंह रावत ने बताया कि वन विभाग की टीम ने गांव में डेरा डाला हुआ है। बीडीसी सदस्य प्रभा नेगी, नैनीडांडा प्रधान संघ के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह रावत और लीसा गृह उद्योग समिति के पूर्व निदेशक लक्ष्मण सिंह रावत ने गांव पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया। प्रधान सतेंद्र ने प्रशासन से ग्राम पंचायत के खाली पड़े खेतों और गांव के आसपास की झाड़ियां काटने के लिए धनराशि अवमुक्त करने की मांग की।
डीएफओ गढ़वाल आकाश कुमार वर्मा ने कहा कि केलधार मल्ला में गुलदार की सक्रियता पर लगातार नजर रखी जा रही है। वन विभाग की प्राथमिकता ग्रामीणों की सुरक्षा और घटना को अंजाम देने वाले गुलदार की पहचान करना है।