कोटद्वार। पीएम पोषण योजना के तहत विकासखंड एकेश्वर के 106 विद्यालयों की 110 भोजन माताओं को कुपोषण से बचाव के लिए किए जाने वाले प्रयासों का प्रशिक्षण दिया गया।
खंड विकास कार्यालय के सभागार में आयोजित प्रशिक्षण का उद्घाटन खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. गुंजन अमरोही ने किया। उन्होंने पीएम पोषण योजना की पृष्ठभूमि व इतिहास पर चर्चा करते हुए बताया कि यह विश्व का सबसे बड़ा पोषण कार्यक्रम है और भोजन माताओं के सहयोग से इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालयों में छात्रों के नामांकन व उपस्थिति में वृद्धि भी हुई है।
प्रशिक्षण नोडल यतेंद्र मोहन धस्माना की ओर से कुपोषण से पोषण की ओर, बीआरपी दीपिका रावत द्वारा रसोईघर और भंडारण, बीआरपी शालिनी रावत द्वारा स्वस्थ भोजन माता, बीआरपी अरविंद सिंह द्वारा जल व स्वच्छता विषय पर भोजन माताओं को जानकारी दी। प्रशिक्षण में बताया गया कि इन बिंदुओं को व्यवहार में लाकर और उसके अनुरूप पोषण देकर समाज से कुपोषण को दूर भगाया जा सकता है।
बीईओ ने भोजन माताओं को प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारियों का प्रयोग अपने विद्यालय में करने की सलाह दी। मध्याह्न भोजन योजना को और अच्छा करने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके साथ ही अच्छा प्रदर्शन करने वाली भोजन माताओं को पुरस्कृत करने की बात कही।