कोटद्वार। शहर की प्रमुख सड़कों और फुटपाथ को खाली कराने में नगर निगम पूरी ताकत झोंक रहा है। शनिवार को लगातार तीसरे दिन नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर फुटपाथ पर रखा सामान जब्त किया।
शनिवार शाम जब गोखले मार्ग पर फल व सब्जी की काफी फड़ें लगी थीं, तब अचानक नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। टीम को देखकर फल-सब्जी, गुड़, घरेलू उपयोग आदि सामान की फड़ लगाने वाले लोग अपना-अपना सामान उठाकर भागने लगे। जब तक टीम कोई कार्रवाई करती, तब तक काफी लोग सामान उठाकर भाग चुके थे। जो सामान उठाकर नहीं ले जा सके, वे टीम के हत्थे चढ़ गए। निगम की टीम ने उनका सामान गाड़ी में भर लिया और दोबारा सड़क अथवा फुटपाथ को घेरकर फड़ लगाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। इस दौरान काफी देर तक गोखले मार्ग पर सन्नाटा रहा। सामान को सड़क व फुटपाथ से हटाकर फड़ कारोबारी मौके पर रुककर टीम के जाने का इंतजार करने लगे। टीम के जाते ही एक-एक कर कई फड़ कारोबारी फिर से फुटपाथ पर जम गए और टीम को दूर से ताकते रहे।
नगर आयुक्त वैभव गुप्ता के निर्देश पर चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान में मुख्य सफाई निरीक्षक सुनील कुमार, सफाई निरीक्षक परमीत कुमार आदि शामिल रहे। एक दिन पहले ही पूर्व सैनिकों ने नगर में प्रदर्शन कर सड़कों और फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने की मांग की थी। वहीं, यातायात निरीक्षण अनुराग कुमार के नेतृत्व में टीम दिनभर गश्त पर रही और सड़कों पर अनाधिकृत रूप से पार्किंग में खड़े वाहनों, ठेलों, ई-रिक्शा, ऑटो आदि को हटवाती रही।