लैंसडौन। छावनी नगर लैंसडौन में ऊर्जा निगम की ओर से घरों और दुकानों में लगे मीटरों को स्मार्ट मीटर से बदले जाने का विरोध शुरू हो गया है। व्यापार मंडल और नागरिकों ने बिना पूर्व अनुमति मीटर बदले जाने पर नाराजगी जताते हुए बाजार बंद करने की चेतावनी दी है।
व्यापारियों का आरोप है कि ऊर्जा निगम से जुड़े करीब एक दर्जन कर्मचारी रविवार को अवकाश के दिन लैंसडौन पहुंचे और कई घरों व दुकानों में लगे मीटरों को स्मार्ट मीटर से बदल दिया। कर्मचारियों ने उपभोक्ताओं से पुराने बिजली बिल भी मांगे। विरोध करने पर बताया गया कि सरकार के निर्देश पर सभी पुराने मीटर अनिवार्य रूप से स्मार्ट मीटर में बदले जा रहे हैं।
उपभोक्ताओं ने बताया कि कई घरों और दुकानों में करीब आठ माह पहले ही नए मीटर लगाए गए थे। इसके बावजूद बिना पूर्व सूचना और अनुमति के उन्हें भी बदल दिया गया। कुछ उपभोक्ताओं ने पुराने बिल उपलब्ध नहीं कराए, फिर भी उनके मीटर बदल दिए गए।
व्यापार मंडल के संरक्षक गंभीर रावत, उपाध्यक्ष रोशन शाह, कोषाध्यक्ष राजेश्वर गुप्ता और धर्मशाला समिति के कोषाध्यक्ष संदीप अग्रवाल ने जयहरीखाल स्थित एसडीओ कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने अन्य स्थानों पर स्मार्ट मीटर के तेज चलने और अधिक बिल आने की शिकायतों का भी हवाला दिया।