लैंसडौन। छावनी चिकित्सालय लैंसडौन में अचेत अवस्था में लाए गए एक पर्यटक को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। उसके साथियों ने बताया कि वे दिल्ली से लैंसडौन घूमने आए थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव कब्जे में ले लिया।
लैंसडौन कोतवाली के एसएसआई वेदप्रकाश ने बताया कि पर्यटक की मौत पर पुलिस टीम छावनी चिकित्सालय पहुंची, तो वहां मौजूद रमेश मौर्य, निवासी दिलशाद काॅलोनी दिल्ली और जाहिद निवासी कलंदर कॉलोनी दिल्ली ने बताया कि वे दोनों अपने साथी गोविंद पुत्र गेंदाराम निवासी दिलशाद गार्डन दिल्ली के साथ सोमवार रात दिल्ली से लैंसडौन पहुंचे थे।
तड़के पांच बजे डेरियाखाल स्थित ब्लू पाइन होटल में कमरा लेकर सो गए थे। सुबह जब उन्होंने 65 वर्षीय गोविंद को उठने के लिए कहा, तो वह नहीं उठा। जब उसे उठाने का प्रयास किया, तो वह अचेत अवस्था में था। वे गोविंद को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने बताया कि उसकी मौत हो चुकी है। पुलिस को कहना है कि घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।