रिखणीखाल ब्लाक की ग्राम सभा बड़खेत की ग्राम प्रधान नंदा देवी ने राज्य महिला आयोग को पत्र भेज कर गांव के एक व्यक्ति पर ग्रामसभा के कार्यों में व्यवधान डालने और उसको जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
प्रधान ने आयोग से अपनी जान को खतरा बताते हुए उसकी मदद की गुहार लगाई है।
शनिवार को महिला आयोग को भेजे पत्र में ग्राम प्रधान नंदा देवी ने बताया कि गांव का एक व्यक्ति उसको परेशान कर रहा है। कभी वह व्यक्ति उसका पीछा करता है तो कभी उसको जान से मारने की धमकी देता है।
इतना ही नहीं जब भी ग्राम सभा की मीटिंग होती है वह उसमें भी व्यवधान उत्पन्न कर हंगामा करता रहता है जिससे ग्राम सभा में एक भी विकास के कार्य नहीं हो पा रहे हैं। बताया कि उस व्यक्ति के पास एक लाइसेंसी बंदूक भी है जिसका इस्तेमाल वह ग्राम सभा के अन्य सदस्यों और क्षेत्र पंचायत सदस्य को डराने धमकाने के लिए करता है। विरोध करने पर गाली गलौज करता है। प्रधान ने व्यक्ति की हरकतों से तुरंत निजात दिलाने की अपील की है।