श्रीनगर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर पेट्रोल पंप के सामने स्थित जल संस्थान की सार्वजनिक पानी की टंकी में टोटियों की खराबी को लेकर प्रकाशित खबर का असर दिखने लगा है। अमर उजाला में लगातार दो बार खबर प्रकाशित होने के बाद शुक्रवार को जल संस्थान ने टंकी में लगी सभी खराब टोटियों को बदल दिया।
करीब दो माह से अधिक समय से टंकी की टोटियां खराब पड़ी थीं, जिसके चलते लगातार पानी बर्बाद हो रहा था। टंकी बस अड्डे के समीप होने के कारण राहगीरों, स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों के लिए बेहद उपयोगी है, लेकिन खराब टोटियों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।शुक्रवार को विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर लीक कर रही दो टोटियों और एक गायब टोटी के स्थान पर नई टोटियां लगा दी। इसके बाद अब टंकी से पानी का रिसाव पूरी तरह रुक गया है।स्थानीय निवासी आनंद भंडारी, जगदीश पुरी और मनमोहन पंवार ने कहा कि अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग हरकत में आया है। अब टोटियां बदलने से राहत मिली है। कहा कि समय पर समस्या का समाधान होने से अब पानी की बरबादी रुकेगी और लोगों को भी पर्याप्त पानी मिल सकेगा।