खांड्यूसैंण के जंगल में बुधवार से लगी आग शुक्रवार को भी नहीं बुझाई जा सकी। आग तेजी से फैल रही है। वन विभाग, फायर ब्रिगेड, पुलिस के जवान और स्थानीय ग्रामीण आग बुझाने की कोशिश में जुटे हैं लेकिन तेज हवाएं चलने एवं तीखे ढलान वाला जंगल होने से आग तेज होती जा रही है।
बता दें कि पौड़ी-देवप्रयाग मोटर मार्ग पर वंतापानी (खांड्यूसैंण) के समीप ओजली वन पंचायत के मिश्रित वन में बृहस्पतिवार की सुबह अचानक आग भड़क गई। जंगल में आग बुधवार शाम से लगी हुई है। खांड्यूसैंण निवासी देवेंद्र सिंह रावत और ग्राम प्रहरी योगंबर सिंह ने मिलकर आग को गांव तक पहुंचने से रोका। इन दोनों का साहस देखकर गांव के अन्य लोग भी मदद को आए। हालांकि, जंगल के दूसरे हिस्से में अब भी आग धधकी हुई है। आग तेजी से फैल रही है। इससे वंतापानी के समीप स्थित पेट्रोल पंप को भी खतरा पैदा हो गया है।
धधके थराली रेंज के जंगल
देवाल। थराली के देवसारी और आस पास के जंगल बृहस्पतिवार शाम से धधकते रहे। शुक्रवार सुबह वन विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। वन विभाग के रेंजर बीएस बिष्ट ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
आग बुझाते समय खड्ड में गिरने से वन कर्मी घायल
पुरोला। डेरिका गांव के पास जंगल में आग बुझाते समय खड्ड में गिरने के कारण एक वन कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सरकारी हेलीकाप्टर की मदद से देहरादून ले जाया गया। टौंस वन प्रभाग के अंतर्गत डेरिका गांव के पास वाले जंगल भी धधक रहे हैं। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे आग बुझाने के प्रयास में वन कर्मी ध्यान सिंह (59) खड्ड में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी कर्मचारियों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुरोला पहुंचाया। डाक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए देहरादून ले जाने को कहा। डीएफओ संदीप कुमार एवं एसडीएम केके सिंह ने तत्काल डीएम को सूचना दी। डीएम श्रीधर बाबू अद्दांकी ने शासन को घटना से अवगत कराते हुए घायल को देहरादून अस्पताल ले जाने के लिए हेलीकॉप्टर की मांग की। शाम करीब चार बजे पुरोला पहुंचे हेलीकॉप्टर की मदद से घायल को देहरादून पहुंचाया गया।