कोटद्वार। छठवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष सेवानिवृत्त मुख्य सचिव एन रविशंकर के नेतृत्व में उच्चाधिकारियों की तीन सदस्यीय टीम ने उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (यूयूएसडीए) की ओर से संचालित कोटद्वार पेयजल सुधार परियोजना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परियोजना के कार्यों की प्रगति की सराहना की। कहा कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना कोटद्वार में पानी के संकट को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
टीम ने परियोजना के तहत घराट में निर्माणाधीन ओवरहेड टैंक और पीजी कॉलेज कोटद्वार में निर्माणाधीन नलकूप का निरीक्षण किया। इस मौके पर अधिकारियों ने कहा कि यूयूएसडीए और संबंधित अधिकारियों की कड़ी मेहनत और समर्पण के कारण परियोजना सफलतापूर्वक आगे बढ़ रही है। इस परियोजना से न केवल कोटद्वार के निवासियों के लिए पानी की समस्या का समाधान होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास में भी यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस मौके पर छठवें वित्त आयोग समिति के सदस्य पीएस जंगपांगी, डॉ. एमसी जोशी, एसडीएम सोहन सिंह सैनी, नगर आयुक्त वैभव गुप्ता, तहसीलदार साक्षी उपाध्याय, यूयूएसडीए पीआईयू के परियोजना प्रबंधक जतिन सिंह सैनी आदि मौजूद रहे।