कोटद्वार। नगर निगम चुनाव के लिए प्रचार के अंतिम दिन राजनीतिक पार्टियों व निर्दलीय प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंक दी। सुबह से ही पूरे कोटद्वार भाबर क्षेत्र में रैलियों का दौर जारी रहा। शाम पांच बजे के बाद प्रशासन के निर्देशों के अनुसार चुनाव प्रचार का शोर थम गया है। 23 जनवरी को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा।चुनाव प्रचार के अंतिम दिन मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी शैलेंद्र सिंह रावत के समर्थन में गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकाली। वहीं दुर्गापुरी में जनसभा भी की। कांग्रेस प्रत्याशी रंजना रावत ने कार्यकर्ताओं के साथ सिगड्डी, भूदेवपुर, उदयरामपुर, सिताबपुर, आमपड़ाव और गोविंदनगर में छोटी-छोटी रैलियां व जनसभाएं कीं।
यूकेडी प्रत्याशी महेंद्र सिंह रावत ने कार्यकर्ताओं के साथ देवी मंदिर से झंडाचौक, स्टेशन होते हुए वापस पदमपुर तक रैली निकाली। बसपा प्रत्याशी महेश नेगी ने अपने समर्थकों के साथ नजीबाबाद रोड स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में जनसभा की। साथ ही काशीरामपुर, कौड़िया, जौनपुर, मानपुर व शिवपुर में जनसंपर्क किया।
निर्दलीय प्रत्याशी महेंद्र पाल सिंह रावत ने देवी मंदिर से मालवीय उद्यान तक रैली निकाली। इसके अलावा घमंडपुर, प्रतापनगर, देवी नगर, लालपानी, कामरूपनगर में डोर-टू-डोर जनसंपर्क किया। निर्दलीय प्रत्याशी गोपालकृष्ण बड़थ्वाल ने देवी रोड, कलालघाटी, चिलरखाल, सिगड्डी, लोकमणिपुर, भूदेवपुर और झंडीचौड़ में जनसंपर्क किया।