मेयर हेमलता नेगी ने विभिन्न वार्डों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई को लेकर बरती जा रही लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को फटकार लगाई।
शनिवार को मेयर ने वार्ड नंबर 15 रिफ्यूजी कॉलोनी और वार्ड नंबर 14 पटेल मार्ग का औचक निरीक्षण किया। रिफ्यूजी कॉलोनी में लगे कूड़े के ढेर और नालियां में भरी गंदगी को देखकर मेयर सफाई निरीक्षक और सफाई हवलदार पर भड़क गईं। पटेल मार्ग पर निगम द्वारा बनाए जा रहे कूड़ादानों की ऊंचाई कम होने के कारण सड़क पर बिखर रही गंदगी को देखते हुए उन्होंने कूड़ेदानों की ऊंचाई बढ़ाने और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अब गर्मी का मौसम शुरू हो गया है। ऐसे में मच्छर बढ़ने से संक्रमण रोगों के फैलने की ज्यादा संभावनाएं हैं। ऐसे हालत में नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में नियमित कूड़ा निस्तारण किया जाना और नालियों की सफाई करते हुए ब्लीचिंग का छिड़काव किया जाना जरूरी है। इस मौके पर नगर अध्यक्ष संजय मित्तल, सफाई निरीक्षक सुनील सिंह व सोवेंद्र चौधरी सहित सफाई हवलदार मौजूद थे।