रामगंगा बांध के मुख्य मार्ग पर सामने से आता हाथी देख चालक ने बैक गेयर में ही जीप पीछे की ओर दौड़ा दी। जीप पीछे की ओर जाते देख हाथी भी जीप के पीछे दौड़ने लगा। जिसे देख जीप में सवार लोगों के पसीने छूट गए, लेकिन जीप चालक ने हिम्मत नहीं छोड़ी और जीप को बैक गेयर में तब तक दौड़ाता रहा, जब तक हाथी उनकी पहुंच से दूर हो गया।
बांध के मुख्य मार्ग पर हाथियों की चहल-कदमी से बांध कर्मियों के साथ ही आम नागरिकों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया है। वन अधिकारियों की मानें तो तेज बारिश के चलते वन्य जीव आबादी की ओर आने लगे हैं।
घटना रविवार सुबह की बताई जा रही है। रामगंगा बांध पर कर्मियों को ड्यूटी पर ले जाने वाली जीप केंद्रीय कॉलोनी स्थित हनुमान मंदिर के निकट पहुंची तो एक जंगली हाथी सड़क पर आ गया। जिसे देखते ही चालक ने जीप रोक दी। अचानक हाथी जीप की ओर बढ़ने लगा जिस पर चालक ने आनन-फानन में बैक गेयर में ही जीप दौड़ा दी। रविदास मंदिर तक ले जाकर चालक ने जीप रोक दी। हाथी केंद्रीय कालोनी के पिक्चर हाल के मार्ग पर चला गया। इसके बाद ही जीप कर्मचारियों को लेकर आगे बढ़ सकी।
मार्निंग वाक पर गए नागरिकों सुनील, सुनीता, राजेंद्र, रोशनी आदि ने बताया कि वे दूर से ही यह माजरा देख रहे थे। जीप चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। रेंजर आरके भट्ट ने बताया कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी। कहा कि इन दिनों तेज बारिश के चलते कार्बेट के वनों से हाथी, बाघ, हिरन आदि वन्यजीव आबादी की ओर रुख कर रहे हैं। हनुमान मंदिर, रविदास मंदिर, सूखास्रोत, नई कालोनी में वन्यजीवों का खतरा बढ़ गया है।