कोटद्वार। उत्तराखंड क्रांति दल के संरक्षक डॉ. शक्तिशैल कपरवाण ने मुख्यमंत्री से वन्य जीव व वन कानूनों में सुधार कर सरलीकरण करने और राजाजी राष्ट्रीय पार्क, नेशनल कार्बेट पार्क, टाइगर रिजर्व जोन के क्षेत्र को घटाकर आम जनता की मूल विकास योजनाओं की बाधाओं को दूर करने की मांग की।
कोटद्वार में मीडिया से वार्ता करते हुए डॉ. कपरवाण ने कहा कि राजाजी पार्क और नेशनल कार्बेट पार्क के कानून से यमकेश्वर, दुगड्डा, द्वारीखाल, नैनीडांडा, जयहरीखाल आदि विकासखंडों में जंगली जानवरों का आतंक है, इसीलिए इन पहाड़ी क्षेत्राें से पलायन बढ़ता जा रहा है। उन्होंने ग्रीन बोनस के रूप में पहाड़ी क्षेत्र में रहने वाले प्रति परिवार को 20 हजार रुपये प्रति माह देने की मांग की।
डॉ. कपरवाण ने पहाड़ी क्षेत्र के प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति को जर्जर बताते हुए कहा कि लोगों को अपना जीवन बचाने के लिए सामान्य चिकित्सा के लिए भी देहरादून और दिल्ली जाना पड़ रहा है। इस दौरान महानगर अध्यक्ष जगदीपक सिंह रावत, महेंद्र सिंह रावत, सत्यपाल सिंह नेगी, भारत मोहन काला, उम्मेद सिंह भंडारी, गुलाब सिंह रावत, अंबर कपरवाण आदि उपस्थित रहे। संवाद