एक पूर्व मंत्री की दबंगई से दो कैबिनेट मंत्रियों को गेस्ट हाउस आरक्षित होने के बजाय बाहर बाजार मेें रात बितानी पड़ी। विधानसभा उपाध्यक्ष भी गेस्ट हाउस के बाहर से ही लौट गए।
यहां लोक निर्माण विभाग का गेस्ट हाउस शनिवार रात को स्थानीय विधायक व कैबिनेट मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी के लिए प्रशासन की ओर से प्रोटोकॉल के तहत आरक्षित किया गया था।
शनिवार को क्षेत्र भ्रमण के बाद जब मंत्री प्रसाद नैथानी देर शाम जब गेस्ट हाउस में पहुंचे तो पता चला कि वहां पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण अपने समर्थकों के साथ डेरा जमाए बैठे हैं। मंत्री प्रसाद नैथानी बिना किसी प्रतिक्रिया के वहां से निकल गए।
फिर कुछ ही समय बाद कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी सपरिवार रात्रि विश्राम के लिए वहां पहुंच गए। गेस्ट हाउस में पूर्व मंत्री को डेरा डाले देख भंडारी का पारा सातवें आसमान पर चढ़ गया। भंडारी वहां मौजूद अधिकारियों जमकर बरसे और खूब खरी खोटी सुनाकर वहां से निकल पड़े।
बाद में प्रशासन ने दोनों मंत्रियों के लिए बाजार स्थित एक होटल में रात्रि विश्राम की व्यवस्था की। इसी दौरान यहां से गुजर रहे विधान सभा उपाध्यक्ष अनुसूया प्रसाद मैखुरी ने भी यहां रात्रि विश्राम के लिए प्रशासन को सूचना दी, लेकिन प्रशासन ने पूरी घटना बताते हुए लाचारी जता दी, जिस पर वह भी यहां देहरादून रवाना हो गए।
आप पांच साल के लिए और अधिकारी 60 साल तक
कृषि मंत्री राजेंद्र भंडारी जब तहसीलदार एसएल चौरसिया पर बरस रहे थे तो वहां मौजूद एक व्यक्ति भंडारी से उलझ पड़ा। उसने मंत्री से कहा कि ‘आप तो पांच साल के लिए हो जबकि अधिकारी 60 वर्ष तक सेवा में तत्पर रहते हैं। ऐसे में आप कैसे किसी अधिकारी को धमका सकते हो’।