कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए प्रदेश सरकार की ओर से लागू किया गया लॉकडाउन का कोटद्वार में असर नहीं दिखाई दिया। पुलिस और प्रशासन की सुस्ती के चलते सड़कों पर वाहनों और बाजारों में लोगों की भीड़ लगी रही।
शहर और भाबर क्षेत्र में सुबह से शाम तक सड़कों में दो पहिया और चार पहिया वाहन चलते रहे। बाजारों में लोगों की भीड़ लगी रही। बाजार में कपड़े, मिठाई, मोबाइल, जूस, पूजन सामग्री, स्पोर्ट्स आदि की दुकानें खुली रही। एक दुकान में कई लोग एक साथ खरीदारी करते हुए देखे गए। कोटद्वार के गोखले बाजार में कहीं भी लॉकडाउन का असर नहीं देखने को मिला। झंडाचौक के पास पुलिस की नाक के नीचे पूजन सामग्री, मिठाई और मोबाइल की दुकानें खुली रही। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी अपने वाहनों में बैठकर एनाउंसमेंट तक सीमित रहे। एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि लोगों के बेवजह बाजार में घूमने, गैर जरूरत वाली दुकानों के खुलने को मामला संज्ञान में आया है।
लैंसडौन में लॉकडाउन का दिखा व्यापक असर
लैंसडौन। कोरोना संकट से निपटने के लिए नगर में लॉकडाउन का व्यापक असर रहा। सरकार के निर्देशों के तहत महज जरुरी चीजों की दुकानें ही खुली रही। शेष सभी दुकानें बंद रही।
सोमवार को कैंट के अध्यक्ष ब्रिगेडियर अनूप सिंह चौहान और मुख्य अधिशासी अधिकारी भूपति रोहित ने स्थिति का जायजा लेने के लिए बाजार का राउंड लगाया। उन्होंने दुकानदारों को मास्क लगाकर दुकान में बैठने के निर्देश दिए। दुकानों व सार्वजनिक स्थानों पर एक जगह पांच से अधिक संख्या में एकत्र लोगों को एकत्रित नहीं होने की हिदायत दी। ब्रिगेडियर अनूप सिंह चौहान ने नगर में सुरक्षात्मक कदमों के तहत नगर का दौराकर दुकानदारों को जरूरी दिशा निर्देश भी दिए।