कोटद्वार। ग्राम पंचायत ग्वीराला के ग्रामीणों ने प्रधानपति पर प्रधान पद का दुरुपयोग कर निर्माण एवं प्रशासनिक कार्यों में अनावश्यक हस्तेक्षप एवं नियम विरुद्ध कराए गए कार्यों की जांच अभी तक न होने पर रोष जताया है। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की जांच कराने की मांग की है।
ग्राम पंचायत ग्वीराला के पूर्व प्रधान करन सिंह, भारत सिंह, हर्षवर्द्धन सिंह धीरज सिंह नेगी आदि ने कहा कि प्रधानपति द्वारा ग्राम पंचायत के निर्माण एवं प्रशासनिक कार्यों में हस्तक्षेप किया जाता रहा है। इसके अलावा प्रधान पद का दुरुपयोग कर नियम विरुद्ध जलागम, मनरेगा और पंचायती राज समेत अन्य कार्य कराए गए। निर्माण कार्यों के बारे में जानकारी लेने पर प्रधानपति द्वारा ग्रामीणों के साथ गाली गलौज व धमकी दी जाती थी। कहा कि ग्राम प्रधान गांव में नहीं रहती है और साल भर में कुछ ही दिनों के लिए आती थी। उन्होंने ना ही ग्राम पंचायत की बैठकें लीं और न ही प्रशासनिक और वित्तीय कार्यों का निर्वहन किया।
कहा कि निर्माण कार्यों की जांच के लिए पूर्व में जिला पंचायतराज अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी, खंड विकास अधिकारी दुगड्डा को ज्ञापन भेजे गए, लेकिन कार्यकाल समाप्त होने के बाद भी अभी तक कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने जिला प्रशासन से ग्राम पंचायत में हुए विकास कार्यों की अविलंब जांच कराने की मांग की है। संवाद