कोटद्वार। दुगड्डा ब्लॉक प्रमुख ने कालगढ़ टाइगर रिजर्व (केटीआर) वन प्रभाग से सटे साझासैंण दुगड्डा ब्लॉक मुख्यालय समेत आसपास के गांवों में बाघ व गुलदार की दहशत को देखते हुए क्षेत्र में वनकर्मियों की गश्त बढ़ाने की मांग की है।
ब्लॉक प्रमुख दुगड्डा सूरज सिंह नेगी ने लैंसडौन वन प्रभाग के डीएफओ को पत्र भेजा है। उन्होंने पत्र में कहा कि केटीआर से सटे सभी गांवों में लगातार बाघ व गुलदार का खतरा बना है। साझासैंण स्थित दुगड्डा ब्लॉक मुख्यालय दुगड्डा बाजार से करीब तीन किमी दूरी पर स्थित है। ब्लॉक मुख्यालय चारों तरफ से घने जंगलों के घिरा हुआ है।
ब्लॉक कार्यालय में कार्यरत अधिकारी, कर्मचारी और आम जनमानस प्रतिदिन शासकीय कार्यों के लिए ब्लॉक कार्यालय आवाजाही करते हैं। इस दौरान बाघ व गुलदार के हमले की आशंका बनी रहती है। ब्लॉक प्रमुख ने पत्र में दुगड्डा मुख्य मार्ग से साझासैंण स्थित ब्लॉक मुख्यालय तक वनकर्मियों की नियमित गश्त करवाने और क्षेत्र के समस्त प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्यों में भी जागरूकता बढ़ाने के लिए अपने स्तर से निर्देश जारी करने की मांग की है। संवाद