सतपुली। नगर से सटे एकेश्वर ब्लॉक के ग्राम नौगांव कमंदा में एक पखवाड़े से ग्रामीण गुलदार के आतंक से परेशान हैं। गुलदार ने इस दौरान जहां एक गाय समेत दो निराश्रित गोवंश को मार डाला। वहीं एक बछिया समेत दो गोवंश पर हमला कर उन्हें घायल कर चुका है। गुलदार एक ग्रामीण की गोशाला को क्षतिग्रस्त कर उसके भीतर घुसने का प्रयास भी कर चुका है।
गुलदार की लगातार सक्रियता से ग्रामीणों में भय का माहौल है।
नौगांव कमंदा के पूर्व सरपंच पातीराम ने बताया कि गांव में सक्रिय गुलदार दस दिन पहले राजेश्वरी देवी की गाय को निवाला बना चुका है। वहीं तीन दिन पूर्व मनोज कुमार की बछिया पर हमला कर घायल कर चुका है। वहीं, कुसुम देवी की गोशाला की दीवार को क्षतिग्रस्त कर उसमें घुसने की कोशिश कर चुका है। इसके अलावा गुलदार एक पखवाड़े में दो लावारिस गोवंश का भी शिकार कर चुका है। गुलदार की सक्रियता से पशुपालकों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण आनंद सिंह, विनोद कुमार, पातीराम, मनोज कुमार, अरविंद रावत आदि ने दमदेवल वन प्रभाग के रेंजर से नौगांव कमंदा में पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की मांग की है।
गढ़वाल वन प्रभाग के दमदेवल रेंज अधिकारी आरएस नेगी ने बताया कि नौगांव कमंदा में गुलदार के हमले में पालतू मवेशियों की मौत की कोई सूचना नहीं है। सूचना मिलने पर क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी।