कण्वघाटी/कोटद्वार। सिगड्डी ग्रोथ सेंटर स्थित सिंपेक्स फार्मा में फायर ब्रिगेड की टीम ने मॉकड्रिल कर कर्मचारियों को आग बुझाने की जानकारी दी। साथ ही आग से झुलसे लोगों को प्राथमिक उपचार देने के टिप्स भी दिए।संस्थान के प्रबंधक सुदेश शर्मा की उपस्थिति में लगे जागरूकता शिविर में एफएसओ रमेश चंद्र गौतम ने कहा कि आग लगने की स्थिति में सभी कर्मचारियों को रेस विधि याद रखनी चाहिए। सबसे पहले खतरे में पड़े लोगों को बचाना, फायर अलार्म को सक्रिय करना, दरवाजे बंद करके आग को रोकना और सुरक्षित रूप से बाहर निकलकर आग को बुझाना है। वहीं, टीम ने एक स्थान पर आग लगाकर दिखाया कि किस तरह आग को बुझाया जाए और आग में फंसे व्यक्ति को बचाने के लिए कौन-कौन से तरीके अपनाए जाएं। ऊंची इमारतों में आग लगने के दौरान फंसे लोगों को बचाने का प्रदर्शन किया गया।
फायरकर्मियों ने मौजूद लोगों को सिलेंडर में आग लगने के दौरान बरती जाने वाली सावधानी के बारे में बताया। कहा कि आग लगने पर सिलेंडर तुरंत नहीं फटता है। ऐसी स्थिति में गीला कपड़ा डालकर आग बुझाई जा सकती है। रेगुलेटर बंद किया जा सकता है। स्थिति को भांपकर ही कदम उठाना चाहिए। जागरूकता अभियान में आलोक कुमार, उमाकांत फिरके, पीएस भंडारी, सुवनेश गौड़, सुरेश पंत, उमेश प्रभात, हिमांशु, मनोज, केदार, रणधीर सिंह और योगेश कुमार मौजूद रहे।