कोटद्वार। राजकीय शिक्षक संघ गढ़वाल मंडल शाखा ने प्रदेश के अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में शिक्षकों की काउंसलिंग के माध्यम से पदस्थापना करने की मांग की है। मंडल अध्यक्ष जयदीप रावत व मंडलीय मंत्री मनमोहन सिंह चौहान ने प्रांतीय नेतृत्व को इस संबंध में ज्ञापन भेजा है।
उन्होंने ज्ञापन में कहा कि विगत 25 सितंबर को अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में पदस्थापना के लिए शिक्षकों की स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित की गई थी जिसका अक्तूबर में परीक्षाफल भी घोषित कर दिया गया लेकिन पांच माह का समय व्यतीत होने के बाद भी स्क्रीनिंग परीक्षा में सफल शिक्षकों के पद स्थापना नहीं की गई। कहा कि विगत कुछ वर्षों में एलटी संवर्ग के शिक्षकों की नियुक्ति के समय सामान्य संवर्ग के विद्यालयों में रिक्त पद न होने के कारण शिक्षकों को अटल उत्कृष्ट विद्यालय में नियम विरुद्ध नियुक्ति दे दी गई जो की स्क्रीनिंग परीक्षा पास करने वाले शिक्षकों के साथ अन्याय है। संगठन ने मांग की कि जल्द से जल्द संबंधित शिक्षकों की काउंसलिंग के माध्यम से पदस्थापना की जाए। संवाद