स्कॉलर्स एकेडमी की ओर से जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटद्वार। स्कॉलर्स एकेडमी की ओर से कक्षा तीन से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए गणनात्मक सोच (कम्प्यूटेशनल थिंकिंग) और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) विषय पर शिक्षकों का जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण तकनीकों से जोड़ते हुए विद्यार्थियों में तार्किक सोच, समस्या समाधान क्षमता और एआई के नैतिक उपयोग की समझ विकसित करने के लिए तैयार करना रहा।
प्रधानाचार्या एकता रावत ने कहा कि प्रशिक्षण का लक्ष्य शिक्षकों को ऐसी प्रभावी शिक्षण रणनीतियों से लैस करना है जिससे विद्यार्थी केवल पाठ्य सामग्री याद करने तक सीमित न रहें बल्कि नवाचारी और विश्लेषणात्मक सोच विकसित कर सकें। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों के समूह बनाकर गतिविधि आधारित सत्र आयोजित किए गए जिनमें पैटर्न पहचान, तार्किक चिंतन और एआई के जिम्मेदार उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षण में डीएवी पब्लिक स्कूल, टीसीजी पब्लिक स्कूल, सिद्धबली पब्लिक स्कूल, एवीएन पब्लिक स्कूल और एमकेवीएन पब्लिक स्कूल सहित कई शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में आर्मी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य विजेंद्र दत्त सुंदरियाल, आरआर पब्लिक स्कूल नूरपुर के उपप्रधानाचार्य टीकम सिंह तथा डीबीएस ग्लोबल यूनिवर्सिटी, देहरादून के प्रोफेसर रजत गर्ग ने ज्यूरी की भूमिका निभाई।