कोटद्वार। राजकीय शिक्षक संघ के दुगड्डा ब्लॉक इकाई के प्रतिनिधियों की जरूरी बैठक में बीईओ थलीसैंण द्वारा बिना जांच किए जीआईसी बैजरो के प्रभारी प्रधानाचार्य, केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई पर नाराजगी जताई गई। विभागीय उच्चाधिकारियों से इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर प्रभारी प्रधानाचार्य व शिक्षक को न्याय दिलाने की मांग की गई। संगठन ने मांग पर कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।बैठक में पूर्व जिला मंत्री मनमोहन सिंह चौहान ने कहा कि यदि किसी शिक्षक, कर्मचारी से कोई शिकायत होती है, तो जांच के बाद दोषी पाए जाने पर ही उच्चाधिकारियों की ओर से कार्रवाई की जाती है, लेकिन बीईओ थलीसैंण ने बिना जांच करवाए अपने अधिकारों का दुरुपयोग कर प्रभारी प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्रवाई की, जो की न्याय संगत नहीं है।
कहा कि समस्त शिक्षक समाज इस कार्रवाई का विरोध करता है। अन्य वक्ताओं ने कहा कि बीईओ को अपने अधिकार क्षेत्र की नियमावली का अध्ययन करना चाहिए। आए दिन लगातार इस प्रकार की घटनाएं बढ़ रही हैं। कहा कि संबंधित प्रधानाचार्य व शिक्षक पर जो आरोप लगाए गए हैं, उनका कोई आधार नहीं है।
प्रदेश में 80 फीसदी विद्यालय प्रधानाचार्य विहीन है। इसके बावजूद शिक्षक अपने शिक्षण कार्य के साथ ही विद्यालय के सभी कार्य एवं दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। इस मौके पर विभागीय उच्चाधिकारियों से इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर संबंधित प्रभारी प्रधानाचार्य व शिक्षक को न्याय दिलाने की मांग की गई। संगठन ने मांग पर कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। बैठक में विजेंद्र सिंह बिष्ट, संजय रावत, हरीश जोशी, डबल सिंह रावत, मुकेश रावत, रविंद्र सिंह रावत और अव्वल सिंह रावत आदि मौजूद रहे।