मेयर शैलेंद्र रावत ने मासिक स्टाफ बैठक में दिए निर्देश
निगम की कार्यप्रणाली की समीक्षा की
कोटद्वार। मेयर शैलेंद्र रावत ने नगर निगम की कार्यप्रणाली की समीक्षा के लिए निगम सभागार में मासिक स्टाफ बैठक ली। उन्होंने विभिन्न विकास बिंदुओं पर चर्चा कर उन्हें प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही खुले में कूड़ा फेंकने और कूड़ा वाहनों में कचरा न डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में गणतंत्र दिवस की तैयारियों की समीक्षा की गई। सभागार में होने वाले कार्यक्रमों, मार्चपास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और ध्वजारोहण की व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के लिए कहा गया। सफाई व्यवस्था पर चर्चा के दौरान खुले में कूड़ा फेंकने और कूड़ा वाहनों में कचरा न डालने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
सीवेज प्रबंधन को प्रभावी बनाने, नालों व सीवेज लाइनों की नियमित सफाई व उपचार प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित रखने के निर्देश दिए गए। सार्वजनिक शौचालयों के रखरखाव की समीक्षा के दौरान मेयर ने सभी सार्वजनिक शौचालयों की निरंतर सफाई, स्वच्छता मानकों के पालन, जल एवं प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखने व नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर आयुक्त पीएल शाह, सहायक नगर आयुक्त चंद्रशेखर शर्मा, अजय अष्टवाल, मुख्य सफाई निरीक्षक सुनील चौधरी, सफाई निरीक्षक परमीत चौधरी आदि मौजूद रहे।