कोटद्वार। एकेश्वर ब्लॉक के अंतर्गत इंटर कॉलेज सुरखेत में राष्ट्रीय गणित दिवस के मौके पर महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जन्म जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर गणित विषय में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के प्रबंध संचालक ब्रिजेंद्र सिंह नेगी ने किया। उन्होंने कहा कि अत्यंत निर्धन परिवार में जन्मे श्रीनिवास रामानुजन ने गणित के क्षेत्र में अद्वितीय कार्य कर विश्वपटल पर भारत को पहचान दिलाई।
कहा कि निर्धन मेधावी बच्चों की मदद के लिए कई सरकारी संस्थाएं और सामाजिक संगठन तैयार रहते हैं। ऐसे में कोई भी बच्चा निर्धनता के कारण अपने में हीनभावना न पनपने दें और अपने लक्ष्य पाने के लिए निरंतर प्रयास करते रहें। प्रधानाचार्य पुष्कर सिंह नेगी ने कहा कि रामानुजन के द्वारा संख्या पद्धति, पार्टीशन नंबर, हायपर जियो मैट्रिक सीरीज और माक थीटा फंक्शन जैसे विषयों पर किए गए उनके कार्य के लिए पूरा विश्व उनका ऋणी है।
इस अवसर पर अर्द्धवार्षिक परीक्षा में गणित विषय में सर्वोच्च अंक अर्जित करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। जिसमें पुनीता पंत, जीविका, शिव सिंह रमोला, संजना, अंशु रावत, आकाश, प्रयास रमोला, सानिया शामिल हैं। कार्यक्रम में शिक्षक प्रमोद रमोला, डाॅ. तपेंद्र बिष्ट, सतीश चंद्र शाह, नीरज रमोला, प्रकाश चंद्र कैंथोला, प्रमोद रावत, विजेता गडोई आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक प्रकाश चंद्र कैंथोला ने किया।