पौड़ी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी की ओर से सेंट थॉमस कान्वेंट स्कूल में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नालसा थीम एक मुट्ठी आसमान, लोकपाल लघु फिल्म, नशा विरोधी लघु फिल्म, डाउन अभियान के तहत तुम गिरना मत व मादक द्रव्यों के दुरुपयोग से मुक्त भारत के लिए जागरूकता और स्वास्थ्य मार्गदर्शन जैसी लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया गया।
इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नाजिश कलीम ने छात्रों को विधिक सेवा संस्थानों की ओर से उपलब्ध निशुल्क विधिक सेवाओं, सहायता, विधिक सेवा अधिनियम तथा पात्र व्यक्तियों की श्रेणी के संबंध में जानकारी दी। साथ ही उन्होंने नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 एवं स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया। उन्होंने शिविर में नालसा की नशीली दवाओं के दुरुपयोग पीड़ितों के लिए कानूनी सेवाएं एवं नशीली दवाओं के खतरे का उन्मूलन योजना, 2015 और महिलाओं के यौन उत्पीड़न अधिनियम बारे में भी जानकारी दी। साथ ही यातायात नियमों, साइबर अपराध और साइबर सुरक्षा पर लघु फिल्में दिखाकर छात्र-छात्राओं को जागरुक किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक फादर जीजो पालाथिंकल, प्रधानाचार्य सिस्टर समीनी, परिवहन कर अधिकारी विजय कुमार आर्य, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक होशियार सिंह आदि मौजूद रहे।