डुंडा क्षेत्र के खट्टूखाल सहित हिटाणु और नौलियासौड़ में गुलदार की दहशत
युवती सहित एक बाइक सवार पर कर चुका है हमला, गंगोत्री हाईवे पर दिख रहा घूमते हुए
उत्तरकाशी। डुंडा क्षेत्र के खट्टूखाल सहित हिटाणु और नौलियासौड़ के छात्र-छात्राएं इन दिनों गुलदार के भय और वन विभाग की पहरेदारी के बीच विद्यालय और घर आवाजाही कर रहेे हैं। क्षेत्र में पिछले 20 दिनों मेंं गुलदार एक युवती और बाइक सवार पर हमला कर चुका है। साथ ही गुलदार गंगोत्री हाईवे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दिन में भी घूमता हुआ दिखाई दे रहा है। ऐसे में दुकानदार शाम होते ही दुकानें बंद करने के लिए मजबूर हैं।
डुंडा के खट्टूखाल सहित देवीधार, नौलियासौड़ आदि क्षेत्रों में पिछले 20 दिनों से गुलदार की दहशत बनी है। गुलदार आवासीय बस्तियों सहित सड़क के आसपास घूमता हुआ दिखाई दे रहा है। गुलदार कई मवेशी सहित दो लोगों पर हमला कर चुका है। साथ ही अंधेरा होने के बाद गंगोत्री हाईवे पर कई लोगों पर हमला करने की कोशिश कर चुका है।
गुलदार के बढ़ते हमले को देखते हुए वन विभाग की ओर से चार टीमें बनाकर गश्त सहित ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। इस सब के बीच सबसे अधिक भय स्कूली बच्चों के लिए बना है। क्षेत्र के खट्टूखाल सहित हिटाणू गांव से छात्र-छात्राएं प्रतिदिन विद्यालय के करीब चार किमी की पैदल दूरी तय कर घर से स्कूल और स्कूल से रोज घर आते-जाते हैं। इसमें जंगल के बीच से रास्ता होने के कारण खतरा बना रहता है। छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन दो टीमें घर से स्कूल और स्कूल से घर तक छोड़ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की मांग की है।