कोटद्वार। शुक्रवार देर रात आंधी और बारिश ने हर किसी को झकझोर दिया। गनीमत रही कि आंधी के दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं घटी और आंधी थमने के बाद जनजीवन सामान्य रहा। वहीं, रेल ट्रैक बाधित होने की आशंका को देखते हुए रेलवे की टावर वैगन ने नजीबाबाद से कोटद्वार के बीच रेल ट्रैक का निरीक्षण किया।रविवार रात करीब नौ बजे अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। एक घंटे तक रुक-रुककर बारिश हुई। रात 10 बजे के बाद आई आंधी से क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। तेज हवाओं से सामान उड़कर इधर-उधर गिर गए। करीब एक घंटे बाद आंधी थमने पर माहौल शांत हो गया, लेकिन रुक-रुककर रात भर बारिश हुई। जिससे मौसम में ठंडक लौट आई।
वहीं, आंधी से रेलवे अधिकारियों में खासी चिंता रही। दरअसल शुक्रवार रात 10 बजे कोटद्वार से आनंद विहार टर्मिनल के लिए एक्सप्रेस ट्रेन तो सकुशल रवाना हो गई, लेकिन इसके बाद आंधी-तूफान से रेल ट्रैक बाधित होने की आशंका बनी थी। तड़के साढ़े तीन बजे आनंद विहार टर्मिनल से कोटद्वार के लिए एक्सप्रेस ट्रेन को नजीबाबाद से कोटद्वार के लिए रवाना होना था। इसे देखते हुए आंधी को नजीबाबाद से रेलवे का टावर वैगन रेल ट्रैक के निरीक्षण के लिए निकला। कोटद्वार की सीमा से करीब 10 किमी तक रेल ट्रैक आरक्षित वन क्षेत्र से होकर गुजरता है। रेल ट्रैक के दोनों ओर घना जंगल है। आंधी से पेड़ रेल ट्रैक पर गिरे होने की आशंका के कारण निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में ट्रैक क्लीयर मिलने पर रेलवे अधिकारियों ने राहत की सांस ली।