एएसपी कोटद्वार ने कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में स्थापित स्टील फैक्ट्रियों में हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए स्टील फैक्ट्री संचालकों की बैठक ली। एसएसपी ने फैक्ट्री संचालकों से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी किए जाने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
बृहस्पतिवार को कोतवाली में आयोजित बैठक में एएसपी मनीषा जोशी ने कहा कि कुछ वर्षों से स्टील फैक्ट्रियों में दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिसमें श्रमिकों की मौत और घायल हो रहे हैं। गत दिनों एक फैक्ट्री में धमाका हुआ था, गनीमत रही कि उस समय वहां पर श्रमिक मौजूद नहीं थे नहीं तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। उन्होंने फैक्ट्री संचालकों से फैक्ट्री के अंदर पर्याप्त मात्रा में मानकों के अनुसार फायर उपकरण लगाने, श्रमिकों के लिए सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था करने और बाहरी राज्यों से आने वाले श्रमिकों का भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीओ कोटद्वार अनिल कुमार जोशी, कोतवाल नरेंद्र सिंह बिष्ट, प्रभारी अग्निशमन अधिकारी अनिल कुमार त्यागी, फैक्ट्री संचालक उम्मेद सिंह, विभु ग्रोवर, पीएस तोमर, शशिकांत, मुकेश कुमार, राजपाल गौतम आदि मौजूद थे।