कोटद्वार। जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग की ओर से नैनीडांडा ब्लॉक के तहत धुमाकोट में दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष परीक्षण एवं चिह्नीकरण शिविर आयोजित किया गया। भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) के सहयोग से आयोजित शिविर में 108 लाभार्थियों का सहायक उपकरणों के लिए चयन किया गया।
शिविर में राष्ट्रीय वयो श्री योजना के तहत 92 वरिष्ठ नागरिकों को 526 सहायक उपकरणों के लिए चयनित किया गया। वहीं, एडिप योजना के तहत 16 दिव्यांगजनों को 20 सहायक उपकरणों के लिए चिह्नित किया गया। इस तरह कुल 108 लाभार्थियों को 546 सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चयनित किया गया है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने बताया कि दिव्यांगजनों को योजना का लाभ लेने के लिए आधार कार्ड, न्यूनतम 40 प्रतिशत दिव्यांगता प्रमाणपत्र और निर्धारित आय प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होता है। शिविर में नैनीडांडा की ब्लॉक प्रमुख प्रकीर्ण नेगी, जिला पंचायत सदस्य मुन्नी ध्यानी, कनिष्ठ प्रमुख राजेंद्र पटवाल, एसडीएम श्रेष्ठ गुनसोला मौजूद रही। संवाद