कबाड़ के सामान से भरा ट्रक जबरन शहर की ओर ले जाने पर कबाड़ के कारोबारी के बेटे और ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के कांस्टेबल के बीच कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि कारोबारी के बेटे ने कांस्टेबल के साथ गालीगलौच और मारपीट कर दी। कांस्टेबल ने मामले में तहरीर दी, जिसके आधार पर कोतवाली पुलिस ने कारोबारी के बेटे के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, मारपीट और गाली गलौच करने का मुकदमा दर्ज किया।
कोतवाल नरेंद्र बिष्ट ने बताया कि 22 दिसंबर को ट्रैफिक पुलिस का कांस्टेबल संदीप चौधरी देवी मंदिर तिराहे पर ड्यूटी पर तैनात था। शहर का ट्रैफिक डायवर्ट किया गया था। इस दौरान कांस्टेबल संदीप वाहनों को निर्धारित रूट की ओर भेज रहा था। तभी एक कबाड़ से भरा ट्रक देवी मंदिर तिराहे पर आया। कांस्टेबल ने उसे निर्धारित रूट पर जाने का इशारा किया, लेकिन ट्रक चालक जबरदस्ती शहर की ओर ट्रक मोड़ने लगा। इस बीच ट्रक चालक और कांस्टेबल में कहासुनी हो गई। ट्रक चालक ने कबाड़ कारोबारी को सूचना दी। बताया जा रहा है कि मौके पर कबाड़ी कारोबारी का बेटा जीशान पहुंचा और वह ट्रक को जबरन शहर के अंदर लाने पर अड़ गया। इसके बाद जीशान और ट्रैफिक कांस्टेबल संदीप के बीच कहा सुनी हो गई और जीशान ने कांस्टेबल के साथ गाली गलौच और मारपीट करनी शुरू कर दी। मौके पर अन्य पुलिस कर्मी पहुंचे और मामला शांत करवाया। कांस्टेबल ने मामले में कोतवाली में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर कबाड़ी कारोबारी के बेटे जीशान के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, मारपीट और गाली गलौच करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।