कोटद्वार/लैंसडौन। बंदरों ने रथुवाढाब में एक महिला पर हमला कर घायल कर दिया। वहीं, लैंसडौन में एमईएस तिराहे पर बंदरों के झुंड पांच राहगीरों को काटकर घायल कर दिया।
गांव रथुवाढाब में बंदरों के झुंड ने भारत सिंह रावत के घर में घुसकर काफी उत्पात मचाया। भारत सिंह की पत्नी गीता देवी ने डंडा लेकर बंदरों को खदेड़ने का प्रयास किया, तो बंदरों के झुंड ने उन पर हमला कर घायल कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पहुंची उनकी पुत्रवधू और पड़ोसियों ने बमुश्किल उनकी जान बचाई। घायल गीता देवी को कोटद्वार लाकर उपचार दिलाया गया। वहीं, रविवार अपराह्न बंदरों के झुंड ने एमईएस तिराहा क्षेत्र में राहगीर देवेंद्र सिंह, सक्षम, हितांशु, प्रांजल, काजल पर हमला कर दिया। कुछ राहगीर बंदरों के हमले में तो कुछ बचाव के लिए भागते समय गिरकर घायल हो गए। लोगों ने बंदरों के उत्पात से निजात दिलाने की मांग की है। वहीं, वन प्रभाग ने पिछले दिनों बंदर पकड़ने का अभियान चलाकर 110 बंदरों को पकड़कर अन्यत्र छोड़ा था, लेकिन इसके बाद भी बंदरों की संख्या नगर में बढ़ती ही जा रही है। बंदरों लोगों पर हमला तो कर ही रहे हैं, घरों और दुकानों में घुसकर सामान को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। संवाद