शुक्रवार को कोटद्वार में चार, दुगड्डा में पिता-पुत्र और लैंसडौन में एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला है। इनके संपर्क में आए 30 से ज्यादा लोगों को भी आइसोलेट किया गया है। चार क्लीनिकों को सील किया गया है।
एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि बृहस्पतिवार को एक निजी अस्पताल की महिला कर्मी संक्रमित मिले, जो दूसरे अस्पतालों में भी काम करती है। महिला के संपर्क में आए चार लोगों का शुक्रवार को रैपिड एंटीजन टेस्ट कराया गया, तो वे चारों संक्रमित मिले। दुगड्डा में पिता-पुत्र कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें से एक कुछ दिन पहले एक बीमार रिश्तेदार को देखने के लिए ऋषिकेश गया था। इस बीच बीमार व्यक्ति की मौत हो गई, जो बाद में कोरोना संक्रमित था। उधर, लैंसडौन में भी एक वन कर्मी कोरोना पॉजिटिव मिला है। उसके संपर्क में आए 34 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। उधर, भाबर के पदमपुर मोटाढांक में कोरोना संक्रमित तीन लोगों के ठीक होने और होम क्वारंटीन की अवधि पूर्ण करने के बाद शुक्रवार को प्रशासन ने तीन गलियों को खोल दिया है।