बार एसोसिएशन कोटद्वार के 29 अप्रैल को होने वाले वार्षिक चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया के दूसरे और अंतिम दिन अध्यक्ष, सचिव, सहसचिव पद पर एक-एक, उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पद दो-दो प्रत्याशियों ने नामांकन कराया। कुल पांच पदों के लिए 11 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। सहसचिव पद पर महज कृष्ण कुमार भारद्वाज की ओर से एकल नामांकन कराए जाने से उनका निर्विरोध निर्वाचन तय है।
बार एसोसिएशन के मुख्य चुनाव अधिकारी अमित सजवाण और सहायक चुनाव अधिकारी अनुज भट्ट ने बताया कि शुक्रवार को अध्यक्ष पद के लिए आशुतोष देवरानी, उपाध्यक्ष पद के लिए शोभा बहुगुणा भंडारी, सुनील डोबरियाल ने नामांकन के पर्चे भरे। सचिव पद के लिए पंकज चमोली, सहसचिव पद के लिए कृष्ण कुमार भारद्वाज, कोषाध्यक्ष पद पर हुकुम सिंह, रजनीश रावत ने नामांकन कराया। अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पद पर दो-दो प्रत्याशियों के नामांकन होने से इन पदों पर सीधा मुकाबला होने के आसार हैं। उपाध्यक्ष, सचिव पद के लिए तीन-तीन प्रत्याशियों ने नामांकन कराया है। उन्होंने बताया कि 24 अप्रैल को प्रत्याशी नामांकन वापस ले सकेंगे। 26 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच के बाद वैध प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। 29 अप्रैल को सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक मतदान होगा। दोपहर दो बजे से मतगणना होगी और शाम को ही परिणामों की घोषणा कर दी जाएगी।