कोटद्वार/धुमाकोट। राजकीय इंटर कॉलेज शंकरपुर परिसर में आयोजित गोष्ठी में स्कूली बच्चों को साइबर क्राइम को लेकर सचेत किया गया। पुलिसकर्मियों ने बताया कि जानकार बनकर ही साइबर क्राइम से बचा जा सकता है।
थाना धुमाकोट के अंतर्गत चेकपोस्ट शंकरपुर के मुख्य आरक्षी आदेश कुमार एवं आरक्षी शैलेंद्र पेटवाल ने स्कूली बच्चों को साइबर क्राइम के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि फेक कॉल, स्पैम कॉल, डिजिटल अरेस्ट, चाइल्ड पोर्नोग्राफी, फेक फोटो आदि एवं कुछ एप आदि के माध्यम से आपराधिक तत्व लोगों को साइबर क्राइम का शिकार बनाते हैं। पुलिस ने दो पहिया, चार पहिया और मालवाहक वाहनों के यातायात संबंधी नियमों से भी स्कूली बच्चों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि तय आयु सीमा से पहले स्कूली बच्चों का दो पहिया वाहन लेकर स्कूल आना भी गलत है। यह विद्यार्थी अथवा किसी अन्य के लिए घातक हो सकता है।
बच्चों ने पुलिसकर्मियों से अपनी शंकाओं का समाधान किया। जागरूकता गोष्ठी में महेश भारती, अखिलेश कुमार, डॉ. नारायण अग्रवाल, अनिल कनवाल, मनमोद शंकर शर्मा, अभिनंदन अमोली, संतोष महर व मुनेश कुमार उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन नरेशचंद्र सोराड़ी ने किया। प्रभारी प्रधानाचार्य संतोष कुमार तिवारी ने बच्चों को मोबाइल पर ज्यादा समय लगाने के स्थान पर पढ़ाई और भविष्य की तैयारियों पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी।